शहर में घने कोहरे के चलते वीरवार को एक कार गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार गांव सिंबड़ी नाभा निवासी बिकर सिंह, कुलदीप कौर, करनपाल कौर, सुखजिंदर कौर और बलबीर सिंह कार में पटियाला रोड के रास्ते कहीं जा रहे थे। इस दौरान सामने से आ रही गन्ने से भरी ओवर लोड ट्रैक्टर-ट्राली घने कोहरे के चलते कार से टकरा गई जिससे कार चालक बलबीर सिंह पुत्र प्रीतम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाकी चारों गंभीर रुप से घायल हो गए।
सभी घायलों को नाभा के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां से गंभीर हालत के चलते सभी को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोहरे में टकराए 6 वाहन, 12 घायल
राजपुरा। वीरवार सुबह राजपुरा और आसपास फैले घने कोहरे के कारण राजपुरा-अंबाला जीटी रोड पर करीब छह वाहन टकराने से 12 लोग घायल हो गए। इनमें से छह लोगों को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह घना कोहरा होने के कारण विजिबिलिटी 25-30 मीटर तक ही थी। सुबह जीटी रोड पर गांव मदनपुर के पास अंबाला से राजपुरा की तरफ आ रहीं दो बसें आपस में टकरा गई। जिसके बाद पीछे से आ रही तीन चार कारें भी एक-दूसरे से टकरा गई।
हादसे में हरियाण रोडवेज का चालक परमजीत सिंह, कंडक्टर अमित कुमार निवासी करनाल, कार सवार पुरुषोत्तम कुमार, कमला रानी, हरी ओम, विजय कुमार निवासी अंबाला, सहित लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गये। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची शंभू और राजपुरा पुलिस ने यातायात को सुचारू करवाया।
न्यूनतम तापमान रहा चार डिग्री
राजपुरा में वीरवार को मौसम के तेवर तीखे हो गए। पूरा शहर कोहरे की सफेद चादर से ढक गया। कड़ाके की इस ठंड में पड़े घने कोहरे से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
मौसम विभाग के मुताबिक वीरवार को शहर का अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। वीरवार सुबह 4 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक घना कोहरा था। ठंड के चलते दफतरों और दुकानाें पर भी उपस्थिति कम रही।
फोटो 09 पीटीएल 37
कोहरे के चलते धीमी रफतार से जीटी रोड पर लाईट जलाकर चलते वाहन।