भीम टांक हत्याकांड में शामिल तीन अन्य आरोपियों को पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित लालडू शहर से गिरफ्तार किया है। यह खुलासा फिरोजपुर रेंज के डीआईजी अमर सिंह चहल ने मंगलवार को पत्रकारों के सामने किया।
वही दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने मंगलवार सुबह अबोहर के नहरी विश्राम घर पहुंच कर पुलिस उच्चाधिकारियाें से विचार विमर्श करते हुए आरोपियाें के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मृतक भीम टांक के निवास पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देते हुए न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।
डीआईजी चहल ने कहा कि आरोपियों को काबू करने के लिए पूरे जिले की पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जलालाबाद के डीएसपी हरजिंदर सिंह ने पुलिस पार्टी सहित छापामारी करते हुए चंडीगढ़-दिल्ली मार्ग पर स्थित गांव लालड़ू से हरप्रीत सिंह उर्फ हैरी, राधेश्याम उर्फ राधिया और गुलाबिया को गिरफ्तार किया है।
इनसे पूछताछ के बाद बाकी आरोपियाें को भी शीघ्र काबू कर लिया जाएगा। इस मामले में एक आरोपी विक्की पंडित को पहले ही राजस्थान से काबू किया जा चुका है।
सांपला ने कहा कि इस घटना की पूरी निष्पक्षता से जांच होगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। स्थानीय विधायक द्वारा बार-बार शिव लाल डोडा को आरोपी बनाने की मांग किए जाने के सवाल पर सांपला ने कहा कि सुनील जाखड़ अपनी राजनीति चमका रहे हैं जबकि हमारा मुख्य मकसद सिर्फ दलिताें को न्याय दिलाना है।
उन्होंने मृतक भीम टांक के घर उनके पारिवारिक सदस्याें के साथ दुख सांझा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने दलित कल्याण योजना के तहत सवा 5 लाख रुपये पंजाब सरकार के माध्यम से आज भीम टांक के परिवार के लिए जिला उपायुक्त को दिए हैं। जिला प्रशासन की रिपोर्ट के बाद दूसरी किस्त के रूप में सवा 2 लाख रुपये और पीड़ित परिवार को दिए जाएंगे।