भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से पंजाब व जिला देहाती विकास एजेंसी के सहयोग के साथ स्थानीय रणबीर कालेज में लगाया गया बारह दिवसीय सरस मेला मंगलवार देर शाम दस्तकारी और हस्तकारी को उत्साहित करने का संदेश देते हुए समाप्त हो गया।
मेले में चौबीस राज्यों से पहुंचे दस्तकारों व हस्तकारों ने जहां अपने हाथों से तैयार की वस्तुओं को बड़ी तादाद में बेचा, वहीं विभिन्न राज्यों और पंजाब के कलाकारों द्वारा रोजाना पेश किए गए सभ्याचारक कार्यक्रमों ने श्रोताओं में नया उत्साह भर दिया। मेला प्रबंधकों के मुताबिक इस मेले में दस्तकारों ने एक करोड़ 84 लाख 89 हजार 976 रुपये की बिक्री की।
मेले के अंतिम दिन बेशक ज्यादातर दस्तकार और कलाकार अपने अपने घर वापस लौट गए थे लेकिन भारी संख्या में पहुंचे स्कूली बच्चों और खरीदारों ने यह दिन काफी चहल पहल वाला बना दिया। इस मौके पर वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा की पत्नी गगनदीप कौर ढींढसा विशेष तौर पर पहुंची थीं।
दूसरी तरफ, राज्यसभा सदस्य सुखदेव सिंह ढींढसा, वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा और डिप्टी कमिश्नर डा. इंदु मल्होत्रा ने सभी लोगों को इस मेले में शिरकत करने और सफल बनाने के लिए धन्यवाद किया।