आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता व संगरूर से सांसद भगवंत मान ने कहा कि राज्य में शिअद व कांग्रेस मिलकर सियासत कर रही हैं। पंजाब की जनता दोनों पार्टियों की चाल को समझ चुकी है और वर्ष 2017 के चुनावों में दोनों पार्टियों को करारी मात देने का मन बना लिया है। मान रविवार को कोटकपूरा रोड पर पार्टी दफ्तर के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे।
सांसद मान ने कहा कि आप पंजाब विधानसभा के चुनावों में किसी भी पार्टी के साथ समझौता नहीं करेगी। सिर्फ साफ छवि वाले नेताओं को ही पार्टी में जगह दी जाएगी।
पार्टी ने 14 जनवरी को मुक्तसर के माघी मेले के दौरान राजनीतिक कांफ्रेंस करने की तैयारी शुरू कर दी है जिसमें मान ने कहा कि 2017 में आप की सरकार बनने पर सबसे पहले पंजाब की सड़कों पर लोगों को दोनों हाथों से लूटने वाले टोल प्लाजाओं की जांच करवाई जाएगी।
फरीदकोट से पार्टी सांसद प्रो. साधू सिंह ने कहा कि शिअद व कांग्रेस से निराश हो चुकी पंजाब की जनता को आम आदमी पार्टी में उम्मीद की किरण दिखाई दे रही है। लोगों ने 2017 के चुनावों के दौरान आप की सरकार बनाने का मन तैयार कर लिया है।
इससे शिअद व कांग्रेस के आला नेताओं में घबराहट पैदा हो चुकी है। इससे पहले सांसद मान व साधू सिंह ने पार्टी दफ्तर का उद्घाटन किया। इस मौके पर पार्टी के प्रांतीय प्रवक्ता कुलतार सिंह संधवां, गुरदित्त सिंह सेखों, दलबीर सिंह ढिल्लों, संदीप सिंह धालीवाल, डॉ.सुरिंदर द्विवेदी, विपन चंद्र कौशल, जसबीर सिंह हमीरगढ़, अजायब सिंह,कपिल भारद्वाज मौजूद थे।