भारतीय युवा ग्रामीण खेलकूद महासंघ की ओर से हिसार में आयोजित हुई दो दिवसीय राष्ट्रीय खेलों में पंजाब राज्य का नेतृत्व कर रही स्थानीय सचखंड कान्वेंट स्कूल के बच्चों की टीम ने फुटबाल प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीता और स्कूल का नाम रोशन किया है।
स्कूल की प्रिंसिपल गोल्डन कौल ने बताया कि कुछ दिन पूर्व मोगा के गुरुकुल स्कूल में आयोजित हुए राज्य स्तरीय खेलाें में उनके स्कूल के 17 बच्चाें ने भाग लिया था। वहां उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया था।
इन खेलों में 5 बच्चे कुलतारा आहूजा, अक्षित कौल, युवराज सिंह, हरमनदीप तथा गुरदित्त सिंह का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। आज विजेता खिलाड़ियों का स्कूल पहुंचने पर भव्य स्वागत करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया गया।
प्रिंसिपल कौल ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में खेलों का विशेष महत्व है इससे बच्चाें का बौद्धिक, शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। उन्हाेंने स्कूल के अन्य बच्चों को भी खेलों की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।