वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के पिछड़े हुए देहाती क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए 220 डाक्टरों की नई भर्ती करने को मंजूरी दी है और इनकी प्रक्रिया शुरू हो गई है।
ढींढसा शनिवार को लहरागागा में तेरह वार्डों के लिए संगत दर्शन कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों के लिए तीन करोड़ रुपये से अधिक की ग्रांट मंजूर की। ढींढसा ने कहा कि पंजाब के खजाने की स्थिति बेहद मजबूत है और अदायगियों पर किसी भी प्रकार की कोई पाबंदी नहीं है। मुलाजिमों के सारे बकाए 31 जनवरी तक अदा कर दिए जाएंगे।
वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने संगरूर, बरनाला और अन्य मालवा जिलों में नहरी पानी की समस्या के समाधान के लिए अगले बजट में रजवाहों, सुओं के नवीनीकरण व सिंचाई क्षमता पच्चीस फीसदी तक बढ़ाने के लिए प्रोजेक्ट को मंजूरी देने की योजना बनाई है। इस योजना के तहत अंडरग्राउंड पाइपें, खालों की मरम्मत आदि पर साठ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
जनसमूह को संबोधित करते ढींढसा ने बताया कि राज्य के लोगों को बेहतर सेहत सहूलतें प्रदान करने के लिए अस्पतालों के बुनियादी ढांचे में सुधार किया गया है। डाक्टरों की नई भर्ती से लहरागागा अस्पताल में भी डाक्टरों की कमी दूर हो जाएगी।
इस मौके पर हलका लहरा के इंचार्ज सुखवंत सिंह सराओ, एसजीपीसी सदस्य रामपाल सिंह बहनीवाल, सतपाल सिंगला, दलीप पंसारी, अश्वनी सिंगला, दविंदर नीटू, शिवजी राम, एडवोकेट वरिंदर गोयल, राजपाल सिंह, अर्जुन सिंह, कुलदीप सिंह, गुरमीत सिंह जौहल, सुरजीत खान, एसडीएम बख्तावर सिंह आदि मौजूद थे।