चार हजार बेरोजगार लाईनमैनों को नियुक्ति पत्र जारी करवाने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे बेरोजगार लाईनमैन यूनियन के एक साथी द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद भी सरकार द्वारा कोई इंसाफ न मिलने पर शनिवार को पंजाब भर में बेरोजगार लाईनमैनों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए।
अबोहर में हुए रोष प्रदर्शन में मृतक लाईनमैन की पत्नी रानी देवी ने कहा कि जब तक उनको इंसाफ नहीं मिलता तब तक वे अपने पति की अस्थियां प्रवाहित नहीं करेंगी। फाजिल्का के गांव कमालवाला निवासी बेरोजगार लाईनमैन राजकुमार ने एक दिसंबर को सरकार की नीतियों से दुखी होकर आत्महत्या कर ली थी और सीधे तौर पर सरकार को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था।
यूनियन के जिला प्रधान कुलबीर ने बताया कि सरकार ने 2011 में पांच हजार लाईनमैनों की नियुक्ति के लिए इश्तिहार जारी किया था लेकिन बाद में 1 हजार लोगों को ही नियुक्ति पत्र जारी किए गए। 4 हजार लाईनमैन आज भी नियुक्ति पत्र की मांग के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
उन्हाेंने बताया कि 26 दिसंबर को फतेहगढ़ में संघर्ष कर रहे 16 बेरोजगार लाईनमैनों को पुलिस ने काबू कर उन पर झूठे पर्चे दर्ज किए वहीं जेलों में बंद साथियों द्वारा भूख हड़ताल और मरण व्रत जारी है। जिन पर पुलिस लगातार जुल्म ढहा रही है।
सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के चलते आत्महत्या करने वाले मृतक राज कुमार की पत्नी रानी देवी और उसके बेटे-बेटी ने शनिवार को राजकुमार की अस्थियां लेकर पूरे शहर में रोष मार्च निकाला। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि जब तक उनको इंसाफ नहीं मिलेगा, तब तक उसकी अस्थियां प्रवाहित नहीं की जाएंगी।