थाना कोतवाली पुलिस ने जमीन का सौदा करके 50 लाख रुपये ठगने के आरोप में दो व्यक्तियों को नामजद किया है। पुलिस ने नामजद दोनों आरोपियों मचाकी मल सिंह रोड़ निवासी अमृतपाल सिंह पुत्र अवतार सिंह और परमजीत सिंह पुत्र दर्शन सिंह की तलाश में छापामारी शुरू कर दी है।
एसएसपी को सौंपी लिखित शिकायत में यहां के मोहल्ला खोखरां निवासी सती कुमार पुत्र जीत लाल ने बताया कि उसने अमृतपाल सिंह व परमजीत सिंह के साथ उनकी 84 कनाल 15 मरले जमीन का सौदा किया था।
आरोपियों ने उससे पेशगी के रूप में 50 लाख वसूल किए थे। पेशगी लेने के बाद आरोपी उक्त जमीन की रजिस्ट्ररी करवाने से आनाकानी करने लगे।
बाद में पता चला कि इस जमीन पर उन्होंने पहले ही कर्ज ले रखा है। शिकायत के अनुसार दोनों ने न तो उसके पैसे लौटाए और ना ही उसे जमीन की रजिस्ट्री करवाई।
इस शिकायत पर एसएसपी ने डीएसपी (आई) तरूण रतन की निगरानी में आर्थिक अपराध विंग के इंचार्ज इंस्पेक्टर अमृतपाल सिंह से पड़ताल करवाई।
प्राथमिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर कोतवाली पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।