पटाखों या पटाखाें से निकाली गई बारूद और मोबाइल दोनों एक साथ रखना खतरनाक सबित हो सकता है। अबोहर के गोपाल नगर निवासी एक स्कूली छात्र की जेब में रखे पटाखों के बारूद में मोबाइल की विकिरणों से आग भड़क गई। इससे विद्यार्थी बुरी तरह से झुलस गया। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
विद्यार्थी विनय कुमार (15) पुत्र सुभाष चंद्र ने सोमवार के पटाखों से निकाला हुआ बारूद कागज की पुड़िया बनाकर अपनी पेंट की जेब में रखा था और उसी जेब में मोबाइल भी था।
इस दौरान किसी का फोन आया और इससे पहले कि विनय कुमार पेंट की जेब से मोबाइल निकालता जेब में धमाका हुआ और विद्यार्थी के कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह से झुलस गया। मौके पर ही मौजूद लोगों ने उसे तुरंत सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया।
सरकारी अस्पताल के एसएमओ डा. युधिष्ठिर चौधरी ने बताया कि मोबाइल से निकली विकिरणों से बारूद में आग लगना संभव है। उन्हाेंने सभी लोगाें से अपील की है कि दीपावली पर यथा संभव पटाखों का प्रयोग न करें। इससे कहीं न कहीं दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं इसके वातावरण प्रदूषित होता है।