शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु की समाधि पर माथा टेकने के लिए रविवार को उत्तराखंड से स्पेश फॉर नर्चरिंग क्रिएटिविटी संस्था की टीम भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय हुसैनीवाला बार्डर स्थित शहीदी स्मारक पर पहुंची। सदस्यों ने शहीदों की समाधि पर फूल अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
खोजी लेखक राकेश कुमार ने शहीदों की जीवनी और शहर के तूड़ी बाजार में बने क्रांतिकारियों केे गुप्त ठिकाने में क्रांतिकारियों की गतिविधियों संबंधी विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
सचिव अर्चना ने बताया कि संस्था में बच्चों को पढ़ाने का अलग तरीका है। दिसंबर में बच्चों को ऐतिहासिक चीजे दिखाते हैं। इस बार उन्होंने पंजाब को चुना है।
पुस्तकों में शहीद-ए-आजम भगत सिंह व अन्य शहीदों के बारे में बहुत कुछ पढ़ा है लेकिन बच्चों को ज्यादा जानकारी देने के लिए फिरोजपुर के हुसैनीवाला बार्डर स्थित शहीदी स्मारक देखने पहुंचे हैं। यहां पर बच्चों ने शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, बीके दत्त, पंजाब माता की समाधि देखी और उनके बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी हासिल की।
अर्चना ने बताया कि उन्हें खोजी लेखक राकेश कुमार मिले और उन्होंने शहीद भगत सिंह व उनके साथियों के गुप्त ठिकाने संबंधी अपनी लिखी हुई पुस्तक भेंट की और बच्चों को गुप्त ठिकाने में क्रांतिकारियों की गतिविधियों से अवगत करवाया। इस मौके पर संस्था की नंदनी, गोपाल, जया, नेहा, बसंती मौजूद थीं।