शराब व्यवसायी व भीम हत्याकांड के आरोपी शिव लाल डोडा के समर्थकों व उनके परिवार के सदस्यों ने सोमवार को सुनील जाखड़ के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए सदर बाजार चौक पर पुतला फूंका।
परिवार का कहना कि भीम हत्याकांड पर अबोहर में घटिया राजनीति की जा रही है। इस प्रदर्शन की अगुवाई शिव लाल डोडा के भाई नानक चंद डोडा, सुमित डोडा, आरुषि डोडा, अनीता डोडा, सुनीता डोडा, अशोक बुलंदी, मुकेश बुलंदी, अशोक आहूजा ने की।
सोमवार को सुबह सब लोग थाना रोड स्थित शरणार्थी ट्रांसपोर्ट पर इकट्ठा हुए और जाखड़ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष मार्च निकाला। वक्ताओं ने कहा कि 11 दिसंबर को रामसरा स्थित फार्म हाउस पर कुछ असामाजिक तत्वाें ने दलित युवक भीम की हत्या कर दी।
इसके रोषस्वरूप एक दिन शहर भी बंद रहा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया, लेकिन इस दौरान पुलिस ने विधायक जाखड़ और प्रदेश भाजपा सचिव संदीप रिणवां के दबाव में आकर शिव लाल डोडा व उसके भतीजे अमित डोडा पर हत्याकांड के साजिशकर्ता के तौर पर मामला दर्ज कर लिया।
परिजनों ने कहा कि शिवलाल डोडा ने 2012 में सुनील जाखड़ के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ा और सुनील जाखड़ से मात्र कुछ वोट पीछे रह गए। जिसका डर आज भी जाखड़ को सता रहा है।
विजय गोलछा, जगदीश भठेजा ने कहा कि भीम टांक हत्याकांड मामले की सीबीआई जांच करवाई जाए। अगर शिव लाल डोडा इस मामले में दोषी हो तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए अगर उनकी इस मामले में कोई भागीदारी नहीं है तो उनके परिवार को इंसाफ दिया जाए।
उधर, एसपी हरजीत सिंह ने कहा कि डिप्टी कमिश्नर ने क्षेत्र में धारा 144 लागू की थी। सोमवार को जब लोग उक्त धारा तोड़ते हुए रोष प्रदर्शन कर रहे थे तो पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया लेकिन रुके नहीं। इसलिए थाना सिटी-वन को कुछेक अकाली नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। जब उनसे नाम पूछे तो उन्होंने नाम बताने पर चुप्पी साध ली।
वहीं दूसरी ओर शिवलाल डोडा के समर्थकों की ओर से किए गए प्रदर्शन के विरोध में सोमवार को भीम टांक हत्याकांड संघर्ष कमेटी के पदाधिकारियों ने एसपी हरजीत सिंह से मुलाकात की। इस दौरान प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई।
शिष्टमंडल में कमेटी के कनवीनर गोपीचंद सांदड़, जगदीश टांक, पार्षद धर्मवीर, गणेश, भीम की मां, उनका भाई व अन्य रिश्तेदार शामिल थे। एसपी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि जिन लोगों ने शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
इधर, भीम टांक हत्याकांड के 23वें आरोपी बजीर को पुलिस ने काबू कर लिया है। एसपी अबोहर हरजीत सिंह और डीएसपी गुरभेज सिंह ने बताया कि आरोपी बजीर सिंह पुत्र कश्मीर सिंह को पुलिस पार्टी ने नादेड़ साहिब से गिरफ्तार किया है। अब इस मामले में दो आरोपी गग्गा और छज्जू अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
वहीं, पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट चंडीगढ़ के जस्टिस एमएमएस बेदी की अदालत में शिवलाल डोडा उर्फ शोली की अग्रिम जमानत याचिका की सुनवाई मंगलवार को की जाएगी। इस मामले के जांच अधिकारी एसपी हरजीत सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ फाइल के साथ कोर्ट में हाजिर होंगे।