गांव घल्लू निवासी एक किसान ने कर्ज से परेशान होकर मंगलवार सुबह रेलगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। जीआरपी पुलिस ने समाज सेवी संस्था श्री बाला जी मानव सेवा समिति के सहयोग से शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में पहुंचाया।
गांव घल्लू के पास स्थित ढाणी निवासी तिलकराज पुत्र चंबा राम कंबोज के परिजनों ने बताया कि उनकी तीन एकड़ जमीन पर लगा नरमा पूरी तरह से खराब हो गया था। तिलकराज पर बैंक और आढ़तियों व अन्य लोगों का लाखों रुपये कर्ज था। इस वजह से पिछले कुछ समय से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा।
मंगलवार को सुबह तिलकराज बिना बताए घर से गया और घल्लू स्टेशन के पास सुबह पौने 8 बजे आने वाली फिरोजपुर-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस के हेडकांस्टेबल भजन लाल अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचें और शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया।
मृतक अपने पीछे एक बेटा, बेटी व पत्नी को छोड़ गया। पता चला है कि तिलकराज के भाई देसराज की बेटी की शादी की तैयारियां धूमधाम से चल रही थीं। इस घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई।