अबोहर उपमंडल के गांव धर्र्मपुरा के सरकारी प्राइमरी स्कूल के एक अध्यापक पर चौथी कक्षा के मासूम विद्यार्थी को डंडों से बुरी तरह से पीटने का आरोप लगा है। बच्चे के परिजनों ने उसे लिए सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।
सरकारी अस्पताल में दाखिल 9 साल के वर्षीय सचिन पुत्र लभूराम के परिजनाें ने बताया कि मंगलवार दोपहर 2 बजे क्लास में बच्चों की मामूली कहासुनी हो गई। इसी बात को लेकर स्कूल के अध्यापक महेंद्र कुमार ने सचिन को डंडों से बुरी तरह पीटा।
बच्चे द्वारा शोर मचाने व बार-बार माफी मांगने पर भी अध्यापक उसे बेरहमी से पीटता रहा। इतना ही नहीं उसने स्कूल के अन्य अध्यापकों की भी एक न सुनी।
छुट्टी के बाद जब सचिन दर्द से बुरी तरह कराहते हुए घर पहुंचा तो उसके परिजनों को पूरी बात का पता चला। परिजनों ने मास्टर महेंद्र कुमार से बातचीत की तो उसने परिजनों के साथ भी दुर्व्यवहार किया। बाद में परिजनों ने बच्चे को सरकारी अस्तपाल में दाखिल करवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस बारे में मास्टर महेंद्र कुमार से संपर्क किया गया तो उसने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। जिला शिक्षा अधिकारी एलीमेंट्री हरीचंद कंबोज ने कहा कि वे इस पूरे मामले की जांच करवाकर दोषी पाए जाने वाले अध्यापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।