मोगा-बरनाला रोड पर गांव डाला में शनिवार सुबह चार लुटेरों ने धुरी (संगरूर) की रॉयल कंपनी के दो कर्मचारियों को पिस्तौल दिखाकरदो नई ट्रालियां और टाटा 207 छीन ली।
इसके बाद हवाई फायरिंग कर उन्होंने दोनों कर्मचारियों के मुंह और आंखों पर पट्टी बांधकर उन्हें गेहूं के खेत में फेंक दिया और फरार हो गए। थाना अजीतवाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि धुरी (संगरूर) की रॉयल कंपनी के दो कर्मियों संगत सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी धुरी और करमजीत सिंह पुत्र इंद्र सिंह निवासी शेरपुर जिला संगरूर कंपनी की तरफ से तैयार की गई दो नई ट्रालियों को टाटा 207 से बांधकर जीरा (फिरोजपुर) छोड़ने जा रहे थे।
जब वह मोगा-बरनाला मार्ग पर गांव डाला के कोल्ड स्टोर के पास पहुंचे तो सुबह करीब साढ़े तीन बजे कार में सवार चार लुटेरों ने उन्हें पिस्तौल दिखाकर रोक लिया और गोली मारने की धमकी देते हुए उन्हें गाड़ी से बाहर निकलने को कहा। इसके बाद उन्होंने उनकी आंखों और मुंह पर पट्टी बांधी व गेहूं के खेत में फेंककर फरार हो गए।
थाना प्रमुख जगतार सिंह ने बताया कि पीड़ितों ने किसी तरह मुंह की पट्टी खोली और आवाज मारकर राहगीरों की मदद ली। तुरंत पुलिस और कंपनी मालिकों को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच संगत सिंह के बयान पर अज्ञात लुटेरों खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
वारदात से 24 घंटे पहले शुक्रवार सुबह भी गांव नत्थूवाला जदीद में इस गांव की सहकारी सभा में सो रहे चौकीदारों की हत्या के बाद लुटेरे तिजोरी खोदकर ले गए थे। उसमें करीब एक लाख की नगदी थी। इसके बाद लुटेरे इस गांव के पावरकॉम दफ्तर में गए और वहां तैनात चौकीदार पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।