गांव वांदर के सरकारी प्राइमरी स्कूल में एक शिक्षक ने बच्चों के सामने ही अपने साथी शिक्षक पर पिस्तौल तान दी। ब्लाक प्राइमरी शिक्षा अफसर प्रीतम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
सरकारी प्राइमरी स्कूल गांव वांदर में तैनात शिक्षक अमनदीप सिंह ने आरोप लगाया कि सुबह की सभा के बाद उनके साथी शिक्षक जगजीत सिंह ने उनपर पिस्तौल तान ली और जातिसूचक शब्द कहे। इस बारे में उन्होंने विभाग के अधिकारियों को भी शिकायत दी।
वहीं आरोपी शिक्षक जगजीत सिंह ने साथी शिक्षक की तरफ से लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद और झूठा करा दिया है। उसका कहना है कि उसके पास लाइसेंसी रिवॉल्वर है लेकिन वह कभी रिवॉल्वर स्कूल साथ लेकर नहीं आया।
इस बारे में ब्लाक प्राइमरी शिक्षा अफसर प्रीतम सिंह ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला आया है। वह मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। उन्हाेंने कहा कि दोनों शिक्षकों से सच्चाई का पता लगाकरमामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। जांच में आरोप साबित होने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।