वूल बाजार स्थित एक करियाने की दुकान से तीन युवक पचास हजार लूट कर फरार हो गए। इस दौरान लोगों ने लुटेरों का पीछा भी किया, लेकिन उन्हें पकड़ नहीं पाए।
पुलिस ने तीन लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दुकान संचालक मनी वधवा ने बताया कि उनकी करियाने की दुकान है और शुक्रवार देर आठ बजे जब वह दुकान बंद करने की तैयारी में थे और दिन भर हुई बिक्री का हिसाब किताब कर रहे थे, तो अचानक एक युवक आया और सरसों का तेल की बोतल देने को कहा।
मनी के अनुसार जब उसका कर्मचारी तेल की बोतल उठाने के लिए अंदर गया, तो युवक ने झपटा मारते हुए उसके हाथ में पकड़े 50 हजार रुपये छीन लिए और फरार हो गया।
मनी के अनुसार उसने शोर मचाया और युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन युवक अगले चौक तक भागते हुए पहले ही स्टार्ट खड़े काले रंग के बिना नंबर प्लसर मोटरसाइकिल पर बैठ कर फरार हो गया। इस बाइक पर पहले से ही दो अन्य साथी युवक बैठे थे।
तीनों युवकों को पकड़ने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। इस घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी जगदीश लाल तुरंत टीम सहित मौके पर पहुंचे। इस घटना के बाद फाजिल्का व्यापार मंडल ने पुलिस को पूरी मुश्तैदी से सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की है।