एक महिला ने अपने भाई के साथ लूटपाट की योजना बनाकर पति पर तेजधार हथियारों से हमला करवाने के बाद डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। भाई ने पुलिस को गुमराह करने के लिए बहन को रस्सियों से बांध दिया।
पुलिस ने कुछ ही घंटों में मामले का पर्दाफाश कर 75 हजार की नकदी भी बरामद कर ली। भाई और बहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित विशाखा सिंह पुत्र करनैल सिंह के भाई राजू सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका भाई साबुन का धंधा करता है। साबुन लेने के लिए वह मंडी तपा जाता था। वहां उसकी मुलाकात राजिंदर कौर से हुई। विशाखा ने राजिंदर कौर से शादी कर ली।
राजिंदर कौर उसकी दूसरी पत्नी है। राजू ने बताया कि उसके भाई ने कुछ दिन पहले 31 लाख रुपये की जमीन बेची थी। बीस लाख रुपये एडवांस मिले थे। विशाखा ने 18 लाख रुपये अपने जीजा को दे दिए और 50 हजार रुपये आढ़ती को दे दिए थे। घर पर डेढ़ लाख रुपये रखे थे।
राजिंदर का भाई गुलाब सिंह उनसे दो लाख रुपये मांग रहा था जो उन्होंने नहीं दिए। इससे नाराज होकर वह घर से चला गया। सोमवार को वह लौट आया। गुलाब सिंह और उसकी बहन राजिंदर कौर ने लूटपाट की योजना बनाई हुई थी। गुलाब ने पहले अपनी बहन को बंधक गया और फिर जीजा विशाखा पर जानलेवा हमला किया। उसके बाद अलमारी से डेढ़ लाख रुपये चुरा लिए और अलमारी का सारा सामान बिखेर दिया ताकि लूटपाट की घटना लगे।
थाना इंचार्ज बलविंदर सिंह ने सारे मामले की जांच करने के बाद आरोपियों का पर्दाफाश कर दिया और बहन-भाई को काबू कर लिया। उनके पास से 75 हजार रुपये की नकदी भी बरामद कर ली गई है।