फिरोजपुर। छावनी क्षेत्र की जमीन की खरीद-फरोख्त के मामले में सीबीआई रिपोर्ट 26 अगस्त को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में खुलेगी। सीबीआई ने हाईकोर्ट के आदेश पर लगभग 170 बंगलों के मामले की जांच की है।
सूत्रों के मुताबिक सोमवार को हाईकोर्ट में सीबीआई द्वारा पेश की गई रिपोर्ट हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच में खुलेगी। इससे छावनी में बने 170 बंगलों में रह रहे लोगों की नींद उड़ गई है। जानकारों का कहना है कि सीबीआई ने अपनी रिपोर्ट में छावनी क्षेत्र में 170 बंगलों के पार्ट करके की गई सेल डीड रद करने की बात कही है। सीबीआई ने हाईकोर्ट के आदेश पर फिरोजपुर छावनी क्षेत्र के इन बंगलों की रजिस्ट्रियों की तीन चरणों में जांच की थी। इनमें 10 बंगले कैंटोनमेंट बोर्ड और 160 डीईओ के अंतर्गत आते हैं। उक्त बंगलों की बिना एनओसी के रजिस्ट्रियां हुई हैं। उक्त बंगलों में विधायक, वकील और नेशनल खिलाड़ी रहते हैं। इन बंगलों को कई बार बेचा और खरीदा गया। सीबीआई ने इनकी खरीद-फरोख्त में कई अधिकारियों की मिलीभगत की बात अपनी रिपोर्ट में कही है। छावनी क्षेत्र में जमीन की तकरीबन 7500 रजिस्ट्रियां हुई हैं। ये सभी बिना एनओसी के है। इस कारण ये वैध नहीं हैं।
यह है मामला
छावनी के एक व्यक्ति ने इस जमीन की खरीद-फरोख्त के संबंध में हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने इस पर नोटिस लेते हुए सीबीआई को उक्त मामले की जांच करने के आदेश दिए थे। सीबीआई ने लगभग छह माह में तीन चरणों में अपनी जांच-पड़ताल पूरी कर रिपोर्ट हाईकोर्ट को जुलाई में सौंपी थी। नियम यह है कि कैंटोनमेंट बोर्ड और डीईओ (डिफेंस स्टेट आफिसर) के अंतर्गत आते इन बंगलो के पार्ट कर नहीं बेचा जा सकता।