फिरोजपुर/अबोहर/गुरुहरसहाए/फाजिल्का। निजीकरण ,गरीबों के बिजली बिल माफ करने, मीटर न उखाड़ने एवं गरीबों को 10-10 मरले के प्लाट देने के वादों से मुकरने के विरोध में रेल-रोको आंदोलन फाजिल्का में शामिल होने जा रहे करीब 45 नेताओं को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि फिरोजपुर में 20, अबोहर में 11 व गुरुहरसहाए में 14 और फाजिल्का में 36 किसानों को हिरासत में लिया है।
उधर, जम्हूरी किसान सभा, देहाती मजदूर सभा के जिला प्रधान जैमलराम, सचिव कुलवंत किरती, कामरेड अवतार सिंह, देहाती मजदूर सभा के सचिव राम कुमार, गुरमेज गेजी, सुखचरण सिंह, राम बिलास, सुभाष चंद्र, तेजराम, कांशीराम को गांव चूहड़ीवाला धन्ना के स्टेशन पर एसपी वीरेन्द्र सिंह बराड़ व थाना सदर प्रभारी छिंदरपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उनको काबू कर लिया। प्रधान नरेश सेठी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ फाजिल्का ट्रेन में जा रहा था कि पुलिस ने उनके 14 साथियों को गिरफ्तार कर लिया। इसी बात पर सेठी ने पंजाब सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ थाना के बाहर नारेबाजी की। फिरोजपुर से भी फाजिल्का जा रहे लगभग 20 मजदूर नेताओं को भी पुलिस ने काबू कर लिया। इधर पंजाब भर में रेल रोको आंदोलन को देखते हुए डीएसपी राज कुमार जिल्होत्रा के नेतृत्व में थाना प्रभारी राज कुमार, व जीआरपी के प्रभारी पवन कुमार ने रेलवे स्टेशन व फाटकों पर अपनी टीमें तैनात की। रेलवे स्टेशन पर दोपहर 3 बजे तक पुलिस टीमें तैनात रहीं।
----------------