फिरोजपुर। सीबीआई की लगभग दस टीमों ने वीरवार को छावनी स्थित तकरीबन आधा दर्जन से अधिक बंगलों पर छापे मारे। किन बंगलों पर दबिश देनी है, इसे सीबीआई ने कैंटोनमेंट बोर्ड, माल विभाग और पुलिस के अधिकारियों से गुप्त रखा। जिन बंगलों पर छापेमारी की गई वे सभी ऐसे थे, जिन्हें कई हिस्सों में करके आगे अन्य लोगों को बेचा गया। हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई छावनी क्षेत्र की जमीन की 1970 से 2011 के बीच हुई खरीद-फरोख्त की जांच कर रही है। वीरवार को सीबीआई ने अपनी दूसरे चरण की जांच शुरू की है।
सीबीआई की टीमों ने छावनी के माल रोड स्थित बंगला नंबर-नौ, दस और बारह समेत आधा दर्जन से अधिक पर औचक छापेमारी की। सीबीआई टीम के कुछ कर्मी बंगलों के अंदर और कुछ बाहर खड़े थे। बंगला नंबर-दस पनसप के डीएम डीपी धवन का है। इस पर भी सीबीआई ने रेड की। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शूटर रोंजन सोढ़ी के बंगले से सटे बंगला नंबर-12 और उसके सामने एचएस संधू के बंगला नंबर-नौ पर भी छापे मारे। इन बंगलों की खरीद-फरोख्त के दस्तावेजों की जांच कई घंटों तक चली और जरूरी दस्तावेज टीम अपने साथ ले गई।