मालेरकोटला (संगरूर)। गांव जितवाल में एक हत्या का बदला चुकाने के लिए एक नौजवान ने अपने दो दोस्तों की मदद से अपनी सगी ताई और एक अन्य व्यक्ति की पीट पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अभी तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक (डी) शरणजीत सिंह ने बताया कि करीब एक साल पहले गांव जितवाल की रहने वाली महिला परमजीत कौर ने अपने देवर तौला सिंह का कत्ल कर दिया था। मामला अभी अदालत में विचाराधीन है। परमजीत जमानत पर रिहा होकर अपने पति प्यारा सिंह से अलग मकान लेकर रह रही थी। तौला सिंह का बेटा संदीप अरसे से अपनी ताई को सबक सिखाने की फिराग में था। शनिवार देर रात उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर परमजीत कौर के घर पर हमला बोल दिया और परमजीत को घर से बाहर घसीटकर पीटा।
आरोपियों ने तीन घंटे तक घर में जमकर उत्पात मचाया और डंडों से अधेड़ महिला परमजीत की जमकर पिटाई की। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परमजीत को बचाने आया राजू नाम का एक नौजवान भी हमलावरों के गुस्से का शिकार हो गया। पिटाई से उसकी भी मौत हो गई। एक अन्य युवक अजय कुमार जख्मी हो गया।