अबोहर(फिरोजपुर)। नगर परिषद कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा झेल रहे पुरानी फाजिल्का रोड, ईदगाह बस्ती व दयाल नगरी के निवासियों ने मजबूर होकर पुरानी फाजिल्का रोड पर करीब 2 घंटों तक जाम लगाया। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक सीवरेज समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पुरानी फाजिल्का रोड को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। धरना दे रहे लोगों ने कहा कि कई माह से सीवरेज सिस्टम पूरी तरह से बंद पड़ा है। इससे दूषित पानी पूरे मोहल्ले में जमा हो गया है, जिससे बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वार्ड पार्षद को बताया जा चुका है, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं किया जा रहा। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर सोमवार तक कोई हल नहीं हुआ तो वे पुरानी फाजिल्का रोड को पूरी तरह से जाम कर देंगे। इस अवसर पर श्रीचंद कुरड़िया, मोहन लाल सोनी, गोल्डी, दीपक बवेजा, कपिल गुप्ता, चिंकी, गोपालदास, गुलशन, आशु चावला, नीरज व अन्य लोग उपस्थित थे।
नगर परिषद के ईओ भूषण अग्रवाल ने बताया कि इस वार्ड की सीवरेज पाईप लाईन टूट गई है, जिसके कारण इन मोहल्लों में पानी जमा हो गया है। पानी निकालने के लिए इंजन भी भेज दिया गया है और शीघ्र ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।