सुनाम (संगरूर)। एक गोशाला में गायों के बछड़ों को कुत्तों द्वारा नोचकर खाने की रोजाना घट रही घटनाओं से गो भक्तों का गुस्सा फूट पड़ा। गो भक्तों ने पीरां वाला चौक में धरना देकर इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान चौक के बाजार भी बंद रहे। आंदोलन को अग्रवाल सभा, ब्राह्मण सभा, भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रेम गुगनानी समेत कई अन्य संगठनों ने समर्थन दिया।
धरने को संबोधित करते विभिन्न वक्ताओं ने आरोप लगाया कि गोशाला की देखभाल करने वालों की लापरवाही के कारण ऐसा अनर्थ हो रहा है। रोजाना ही, गोशाला परिसर में आवारा कुत्ते घुसकर छोटे बछड़ों को मार रहे हैं। आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि कई बार गोशाला के प्रबंधकों को इस संबंधी कहा गया लेकिन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया। वीरवार सुबह भी रोजाना की तरह करीब दो दर्जन नौजवान गोशाला में सेवा करने पहुंचे लेकिन वहां दो मरे हुए बछडे़ देखकर उनका सब्र का बांध टूट गया और मरे बछड़ों को रेहड़ी में लादकर पीरां वाला चौक में रखकर आंदोलन शुरू कर दिया। आंदोलन में अग्रवाल सभा के सरपरस्त वेद प्रकाश होडला, अध्यक्ष हकूमत जिंदल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण संदोहा, ब्राह्मण सभा के प्रमोद अवस्थी, पीपीपी के अजैब सिंह संधू, हरीदेव नागरा, पवन छाहड़िया, वीएचपी के रमेश कुमार, जतिंदर जैन आदि ने समर्थन करते हुए भाग लिया। पीरां वाला चौक में धरने को संबोधित करते नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि इस गोशाला की प्रबंधक कमेटी को तबदील किया जाए ताकि ऐसा अत्याचार बंद हो। इस दौरान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरा शहर बंद करके तीखा आंदोलन होगा। हालात की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ सिटी सतनाम सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने आंदोलनकारियों से बातचीत की। बाद में एसडीएम गुरतेज सिंह व डीएसपी जसकिरणजीत सिंह तेजा ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी घटना नहीं होने दी जाएगी और गोशाला की कमेटी कानून के अनुसार तबदील की जाएगी। करीब पांच घंटे बाद धरना समाप्त किया गया। धरने में सुरेश कुमार, राजेश गोयल, रजनीश जीता, अशोक गांधी आदि शामिल थे।