पंजाब के गुरदासपुर में प्रेम संबंधों के चलते एक लड़की को घर से भगाकर ले जाने के आरोपी बेटे के पिता ने पुलिस और लड़की पक्ष की प्रताड़ना से तंग होकर जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी।
पुलिस ने मृतक की पत्नी राजबीर कौर के बयानों पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है
कादियां के मोहल्ला संत नगल निवासी गुरदेव सिंह के भाई दर्शन सिंह ने बताया कि उसके भाई गुरदेव सिंह के लड़के के एक लड़की के साथ प्रेम संबध थे।
12 सितंबर को लड़का और लड़की घर से गुरुनानक देव जी की शादी देखने के बहाने निकले और घर वापस नहीं आए।
जब इस संबंध में लड़की के परिजनों को पता चला तो उस दिन से वे गुरदेव सिंह के घर आ कर उसे धमकियां देते और उससे गाली गलौच करत थे।
लड़की के पिता की ओर से पुलिस को दी शिकायत के बाद पुलिस भी गुरदेेव सिंह को आए दिन तंग करती।
दर्शन सिंह ने बताया कि लड़की के परिजन बुधवार को गुरदेव सिंह के घर आए और लड़की के वापस न आने की सूरत में घर की महिलाओं को जबरन ले जाने की बात कही।
दर्शन सिंह ने बताया कि गुरदेव सिंह को लड़के और लड़की दोनों के बारे में कुछ भी पता नहीं था। इस दौरान लड़की का पिता की ओर से उसे तंग परेशान करने का सिलसिला जारी रहा।
जिसके चलते गुरदेव सिंह ने तंग आकर कोेई जहरीली वस्तु निगल कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
मृतक की पत्नी राजबीर के बयानों पर पुलिस ने लड़की के पिता समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
लड़की के पिता ने बताया कि उसे नहीं पता कि गुरदेव सिंह ने आत्महत्या क्यों की क्योंकि बिरादरी के गणमान्य लोगों के बीच बैठकर यह निर्णय लिया गया था कि दोनों की शादी करवा दी जायेगी।
उन्होंने कहा कि उसे तथा उसके परिवार को झूठे केस में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
पार्षद हरभजन सिंह ने बताया कि बिरदारी के लोगों ने दोनों घरों में मामले के समाधान के लिए जाते रहे थे, लेकिन बिरादरी की ओर से कोई फैसला नहीं किया गया था।
उन्होंने बताया कि लड़की के परिजनों को समझाने का प्रयास किया गया था लेकिन वे नहीं माने थे।