पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा शनिवार को पहली बार कपूरथला और सुल्तानपुर लोधी पहुंचे। दोपहर को सुल्तानपुर लोधी पहुंचने पर किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के किसानों ने उन्हें घेरकर विभिन्न मांगों को लेकर एक के बाद एक सवाल दागने शुरू कर दिए। इसके बाद 13 दिसंबर तक मांग न माने जाने तक किसानों ने पंजाब भर में रेल के चक्के जाम करने का अल्टीमेटम तक दे डाला।
सुल्तानपुर लोधी में किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के प्रधान सरवन सिंह बाऊपुर के अनुसार उपमुख्यमंत्री रंधावा किसानों के काफी सवालों के जवाब देने में असमर्थ रहे, लेकिन उन्होंने मुख्यमंत्री पंजाब से जल्द मीटिंग करवाने का भरोसा जरूर दिया है। इस आश्वासन पर किसानों ने सवाल पूछने का सिलसिला बंद किया। जिला सचिव सुखप्रीत सिंह पस्सन कदीम ने बताया कि यदि जल्द मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से मीटिंग करवाकर हल न किया गया तो 13 दिसंबर को पूरे पंजाब में रेल का चक्का जाम कर दिए जाएगा।
शेर सिंह महीवाल ने कहा कि बेअदबी के दोषियों को सजा देने के वायदे किए गए थे, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई। कर्जमाफी जुमला निकला, घर-घर नौकरी, बेरोजगारी व स्मार्टफोन देने के वायदे बस वायदे ही रह गए। जिला प्रेस सचिव विक्की जैनपुरी ने उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा से कहा कि आगामी चुनाव में वायदे वही करिएगा, जो पूरे हो सकें, यूं ही जुमले न छोड़ना। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार चुनावी वायदे कानूनी दायरे में रखे जाएंगे। इस मौके पर किसान नेता परमजीत सिंह, मनजीत सिंह, हरनेक सिंह, बलजिंदर सिंह मौजूद थे।
सुखबीर जी...अपने साले का इतना प्रोटेक्शन मत करें
सुल्तानपुर लोधी में प्रेसवार्ता दौरान डिप्टी सीएम रंधावा ने कहा कि केंद्र सरकार से पहले ही उन्होंने पंजाब में पराली जलाने के किसानों पर दर्ज केस रद्द कर दिए हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को सूबे में सीएनजी प्लांट लगाने की दरख्वास्त की थी, लेकिन उन्होंने इसे अनदेखा कर दिया। यदि प्लांट लग जाता तो सूबे को बहुत फायदा होता। उन्होंने सुखबीर के मजीठिया को फंसाने के बयान पर कहा कि पहले कैप्टन उनसे (सुखबीर) मिले हुए थे। सूबे में वही पकड़ा जाएगा, जिसका नशा बिक्री में नाम होगा। इसके साथ ही कहा कि सुखबीर जी, अपने साले की इतनी प्रोटेक्शन मत करिए। केजरीवाल पर रंधावा ने कहा कि वे दिल्ली में तो पहले अध्यापकों को पक्का कर लें।
डिप्टी सीएम ने सुखबीर सिंह बादल पर तंज कसते हुए कहा कि अगर वह और मजीठिया निर्दोष हैं तो बार-बार दुहाई क्यों दे रहे हैं, बल्कि उनको हाईकोर्ट में नशों से संबंधित सील बंद रिपोर्ट को खुलने में अड़ंगा डालने के बजाय कोर्ट में पेश होकर इस बारे में स्पष्टीकरण देकर अदालत से इसके नाम सार्वजनिक करने की अपील करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले चाचा-भतीजा कैप्टन अमरिंदर सिंह व सुखबीर सिंह बादल की मिलीभगत के कारण ही नशे के सौदागर बचते रहे हैं। उन्होंने कहा कि सूबे, सरकार और राजनीति में सक्रिय किसी भी तरह के माफिया चाहे वह रेत हो या शराब हो, हम इनके सख्त खिलाफ हैं और इनको माफिया नहीं गैंगस्टर की तरह मानना चाहिए। वह राजनीति में इस तरह के माहौल को खत्म करके छोड़ेंगे।
कपूरथला पहुंचने पर पंजाब पुलिस की टुकड़ी ने दी सलामी
कपूरथला पहुंचने पर आईजी जालंधर रेंज जीएस ढिल्लों, डीसी दीप्ति उप्पल, एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। पंजाब पुलिस की एक टुकड़ी की तरफ से जिला प्रशासनिक कांप्लेक्स में पीपीएस बबनदीप सिंह के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री को सलामी दी गई। उन्होंने इस अवसर गन्ना काश्तकार किसानों, शुगर मिलों के प्रबंधकों, सहकारी मिलों के जनरल मैनेजरों के साथ मीटिंग की। उन्होंने मिलों में इथोनॉल के प्लांट लगाने पर जोर दिया कि जिससे मिलों की आमदनी में विस्तार हो सके और किसानों को भी इसका लाभ मिले।