सुनाम के गांव उगराहां में जोगिंदर उगराहां का सम्मान करते ग्रामीण।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के प्रदेशाध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां के पैतृक गांव उगराहां में किसान नेताओं का जबरदस्त स्वागत किया गया। दर्जनों गांवों के लोग उगराहां पहुंचे और दिल्ली आंदोलन से लौटे किसान नेताओं का विशेष रूप से सम्मान किया।
रविवार को गांव के गुरुद्वारा साहिब में किसानों, महिलाओं व बच्चों की विशाल भीड़ को संबोधित करते उगराहां ने अपील की कि इस जीत की खुशी में अपना होश न खोएं। क्योंकि अभी तो लंबी लड़ाई शेष है। उन्होंने कहा कि ऐसी सूचनाएं आ रही हैं कि केंद्र सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है लेकिन वह डरने वाले नहीं हैं। पंजाब सरकार से हिसाब बाकी है और इसी माह के तीसरे सप्ताह में प्रदेश सरकार के खिलाफ मोरचा खोला जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों का पूरा कर्जा माफ करने, नौजवानों को रोजगार देने और कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने के मुद्दों पर सरकार अपने वायदों से मुकर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि मानसा जिले में बेरोजगारों पर लाठियां भांजने वाले डीएसपी के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई हो अन्यथा उनकी यूनियन तीखा आंदोलन शुरू करेगी।
उगराहां ने कहा कि पंजाब के टोल प्लाजों से 15 दिसंबर को आंदोलन खत्म करने की योजना है लेकिन यदि टोल प्लाजों के दाम बढ़ाए गए तो यूनियन अपने इस आंदोलन को जारी रखने पर विचार कर सकती है। लोगों का आर्थिक शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर किसान नेता जसविंदर सिंह, दरबारा सिंह, जसवंत सिंह, अमरीक सिंह. सुखपाल सिंह माणक, रामशरण सिंह, अजैब सिंह, गोबिंद सिंह आदि का विशेष रूप से सम्मान किया गया।