पंजाब में बिजली की चोरी खूब हो रही है। इस बात का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि अगस्त में प्रदेश में 296 एफआईआर दर्ज हुई हैं। सबसे ज्यादा पटियाला में केस दर्ज हुए हैं।
पंजाब सरकार ने बिजली चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए अगस्त महीने के दौरान राज्य भर के एंटी पॉवर थेफ्ट थानों में 296 एफआईआर दर्ज की हैं। इसके अलावा 38 कर्मचारियों को भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल होने के कारण बर्खास्त किया है।
विज्ञापन
बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने मंगलवार को बताया कि राज्य के खजाने को हो रहे नुकसान को रोकने के लिए राज्य भर में नियमित जांच और छापेमारी की जा रही है, जिसके तहत पटियाला जोन में 90, अमृतसर जोन में 79, बठिंडा जोन में 71, लुधियाना जोन में 29 और जालंधर जोन में 27 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
बिजली मंत्री बताया कि पिछले दो महीनों के दौरान 37 आउटसोर्स मीटर रीडरों और एक सुपरवाइजर को भ्रष्टाचार के आरोप में बर्खास्त किया गया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और बिजली चोरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी राज्य के खजाने को बड़ा नुकसान पहुंचाती है और इसे पूरी तरह समाप्त करने के लिए बिजली विभाग दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को राज्य भर में व्यापक स्तर पर विशेष निरीक्षण करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए हुए हैं।