पठानकोट रेलवे स्टेशन से मामून क्षेत्र में सेना के सामान की सप्लाई लेने जा रहे मालगाड़ी के इंजन में काली माता मंदिर के पास रविवार केबल तार फंस गई। इससे बिजली का पोल टूट कर साथ लगती एक दुकान पर गिर गया। वहीं, जोरदार आवाज आने पर दुकानदारों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि किसी तरह का कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई।
रेल इंजन ड्राइवर के सहायक ने इंजन के ऊपर फंसी तार को बाहर निकाला। घटना की जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी। इसके बाद इंजन को वापस लाने के लिए कहा गया। इंजन में केबल फंसने से टूटे बिजली के खंभे की वजह से शहर के कुछ इलाकों में बिजली सप्लाई ठप्प हो गई। आसपास क्षेत्रों में कई संस्थाओं द्वारा कार्यक्रमों का आयोजन करवाया जा रहा था, लेकिन बिजली न होने पर लोगों का गर्मी से हाल-बेहाल रहा। बिजली सप्लाई ठप्प होने से लोगों को शाम तक पानी की सप्लाई नहीं मिली।
मौके पर पहुंचे पावरकाम के जूनियर इंजीनियर दुर्गा दास के मुताबिक दोपहर दो बजे के बाद बिजली का पोल टूटने संबंधी सूचना मिली। उपरांत बाकी एरिया में लगे लाइनमैनों को वहां की समस्या बाद में सुलझाने की बात कह मौके पर बुलाया। बताया कि पोल व तार टूटने के बाद जहां विभाग को आर्थिक तौर पर नुकसान हुआ है। वहीं, एक चौथाई आबादी भी घंटो बिजली के प्रभावित हुई है।