कुत्ते के काटरने से अस्पताल में उपाराधीन महिला।
- फोटो : सोशल मीडिया
पंजाब के अबोहर में आवारा कुत्ते गंभीर समस्या बनी हुई हैं। रोजाना किसी न किसी क्षेत्र में आवारा कुत्ते लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। कुत्तों के काटने के बाद जख्मी लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। रविवार को अबोहर में सात लोगों को आवार कुत्तों ने काट खाया। इन सभी को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें रेबीज के टीके लगाए गए हैं।
आवारा कुत्तों का शिकार हुई 74 वर्षीय माया देवी बठिंडा से अबोहर अपने रिश्तेदार के घर रामदेव नगरी में आई थी। यहां उसे आवारा कुत्ते ने काट लिया। इसके अलावा अजीमगढ़ निवासी 16 साल के विशाल को भी कुत्ते ने नोच लिया। शशीपाल निवासी नई आबादी को भी कुत्ते ने काट लिया। 16 साल के हिमत्त निवासी जीवन नगर को भी आवारा कुत्तों ने अपना निशाना बना लिया। गांव सप्पांवाली निवासी 3 वर्षीय मासूम बच्ची हरनुर घर के बाहर खेल रही थी। गली में घूम रहे आवार कुत्ते उस पर टूट पड़े। बच्ची के घरवालों ने जैसे-तैसे उसे कुत्तों से छुड़वाया और इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
इसके अलावा तारा चंद निवासी डंगरखेड़ा और अमित निवासी जंडवाला हनुमंता को आवारा कुत्तों ने काट है। सभी को अबोहर के सरकारी अस्पताल लाया गया जहां सभी को रेबीज के टीके लगाकर घर भेज दिया गया।
उधर, सेनेटरी इंस्पेक्टर करतार सिंह ने बताया कि कमिश्नर कम डिप्टी कमिश्नर डॉ. सेनू दुग्गल के आदेशों पर हाउस की मीटिंग में शेल्टर होम बनाने का प्रस्ताव पास कर दिया गया है। इसका जल्द निर्माण कर आवारा कुत्तों की नसबंदी का अभियान चलाया जाएगा। कुत्तों को रेबीज के बचाव के लिए टीके लगाए जा रहे हैं। गर्मी के कारण यह अभियान बंद कर दिया गया था, लेकिन अब फिर से इसे शुरू करेंगे।
गौरतलब है कि जून महीने में ही आवारा कुत्तों ने करीब 320 लोगों को अपना शिकार बनाया था। सरकारी अस्पताल की टीकाकरण इंचार्ज रितु बाला ने बताया कि रोजाना कुत्तों के काटने के लगभग 15 मामले सामने आ रहे हैं।