चंडीगढ़ में पेट्रोल पंप पर बढ़ी कीमतों के विरोध में लोगों को पैसे बांटते कांग्रेस कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब में 15 जुलाई को पेट्रोल का भाव 102.55 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया। वहीं डीजल का दाम 91.90 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं चंडीगढ़ में डीजल 89.50 रुपये और पेट्रोल का दाम बढ़कर 97.64 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
वहीं चंडीगढ़ में सेक्टर-15 के पेट्रोल पंप पर बुधवार को युवा कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन करते हुए लोगों को 60-60 रुपये दिए। युवा कांग्रेस नेता मनोज लुबाना ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की कीमत काफी बढ़ गई है, इसलिए केंद्र व प्रशासन की ओर से पेट्रोल-डीजल पर जो टैक्स लिए जाते हैं, वह टैक्स लोगों को युवा कांग्रेस के नेताओं ने लौटाया।
मनोज लुबाना ने कहा कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल भरवाने वालों को टैक्स के पैसे लौटाए। नेताओं ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार से जनता त्रस्त हो गई है। सरकार केवल मुनाफा देख रही है। केंद्र सरकार सत्ता के अहंकार में डूब गई है। मनोज लुबाना ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने आम लोगों पर बोझ डाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार को लोगों की चिंता नहीं है, क्योंकि वह केवल राजस्व और बड़ी तेल कंपनियों के हितों की सेवा के बारे में चिंतित है।
जानिए आपके शहर में कितना है दाम
पेट्रोल-डीजल की कीमत आप एसएमएस के जरिए भी जान सकते हैं। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, आपको RSP स्पेस अपने शहर का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर भेजना होगा। हर शहर का कोड अलग-अलग है, जो आपको आईओसीएल की वेबसाइट से मिल जाएगा।