दिल्ली के व्यापारी से दो करोड़ रुपये की लाल चंदन की लकड़ी बेचने के नाम पर चोरी करने वाले दो सगे भाईयों को थाना मोती नगर की पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब आठ टन लकड़ी बरामद भी कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखदीप सिंह बग्गा और उसके भाई जसदीप सिंह बग्गा के रूप में हुई है, जबकि दोनों का साथ देने वाली उनकी मां परमजीत कौर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से सभी आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस तीनों से पूछताछ कर इस मामले में फरार चल रहे हनीश कुमार हन्नी और हरविंदर सिंह का पता लगाने में जुटी हुई है।
एडीसीपी 4 स्वप्न शर्मा ने कहा कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के पास चंदन की लक्कड़ बेचने का लाइसेंस है। दिल्ली के चंदन की लकड़ी के व्यापारी संजीव कुमार के पास करीब आठ टन लाल चंदन की लकड़ी पड़ी हुई थी। 19 दिसंबर को आरोपियों ने उसे कहा कि वह लकड़ी लुधियाना में बिकवा देंगे।
वहां से सभी आरोपी ट्राले में लकड़ी लोड कर लुधियाना ले आए। यहां पर आरोपियों ने लकड़ी से लदा ट्रक वर्धमान मिल के सामने खाली प्लाट में खड़ा कर दिया और संजीव को लेकर समराला चौक के पास स्थित एक ढाबे में खाना खाने के लिए चले गए। इसी दौरान आरोपी संजीव को अकेला छोड़ वहां से गायब हो गए। संजीव जब खाली प्लाट में ट्रक देखने गया तो वहां से ट्रक गायब था। संजीव ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी।
एडीसीपी स्वप्न शर्मा ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दोनों भाई गिल नहर के पास जा रहे हैं। थाना मोती नगर की पुलिस ने दोनों आरोपियों को वहां से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके घर के पास ट्रक में पड़ी करीब आठ टन लाल चंदन की लकड़ी बरामद कर दी।
पुलिस ने आरोपियों का साथ देने वाली उनकी मां को भी घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने चोरी की चंदन की लकड़ी में से कुछ लकड़ी बेची थी। जो पुलिस बरामद करने में जुटी हुई है। पुलिस आरोपियों के फरार चल रहे दोनों साथियों को भी गिरफ्तार करने के लिए उनके ठिकानों पर छापामारी करने में जुटी हुई है।