होशियारपुर में आरोपियों के बारे में जानकारी देते एसएसपी माहल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
होशियारपुर पुलिस ने पाकिस्तान से आई 8 किलो हेरोइन के साथ तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। मामले का मुख्य आरोपी तिहाड़ जेल में बंद खालिस्तानी आतंकी दया सिंह लाहौरिया का भांजा बताया जा रहा है। वहीं एक अन्य मामले में जम्मू-कश्मीर से चूरापोस्त लाकर पंजाब में बेचने वाले गिरोह के तीन शातिरों को 20 लाख की ड्रग मनी और 5 किलो चूरा पोस्त के साथ दबोचा गया है।
एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि होशियारपुर पुलिस ने 8 किलो हेरोइन के साथ बरनाला और पटियाला निवासी 3 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खी निवासी ग्राम चन्ननवाल थाना महलकलां बरनाला, मनप्रीत सिंह उर्फ काला और जगदीप सिंह उर्फ सोनी निवासी बलवेड़ा थाना सदर पटियाला के तौर पर हुई है।
मामले का मुख्य आरोपी सुखविंदर तिहाड़ जेल में बंद खालिस्तानी आतंकी दया सिंह लाहौरिया का भांजा है। वह 2007 में सिधवां बेट में 6 किलो हेरोइन और 4 पिस्तौल के साथ पकड़ा गया था। 2019 में जमानत पर बाहर आया था। उसके खिलाफ पहले भी नशा तस्करी, हथियार और आरडीएक्स की बरामदगी संबंधी दिल्ली व रोपड़ में मामले दर्ज हैं।