खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद पठानकोट में रेड अलर्ट जारी होने की अफवाह के बाद पठानकोट में भय का माहौल बन गया। इसके बाद पठानकोट 21 सब एरिया के अधीन आने वाले दो स्कूलों में बुधवार सुबह छुट्टी घोषित की गई। स्कूलों ने अभिभावकों को छुट्टी की वजह सुरक्षा कारण बताया।
हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि सेना द्वारा किसी अभ्यास के कारण स्कूल बंद किया गया और सुरक्षा चाक चौबंद की गई लेकिन पठानकोट में अफवाह फैलाई गई कि तीन संदिग्ध लोग पकड़े गए हैं। लोग एक-दूसरे को फोन कर जानकारी जुटाते रहे। हालांकि दोपहर को पठानकोट के एसएसपी ने ट्वीट कर मामले की सच्चाई उजागर की। उन्होंने कहा कि कोई रेड अलर्ट जारी नहीं किया गया है। सोशल मीडिया पर चलाई जा रही खबरों पर विश्वास न करें। उन्होंने यह भी बताया कि किसी सैन्य अभ्यास के कारण सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। वहीं, सैन्य प्रवक्ता ने भी ऐसी खबर का खंडन किया।
पंजाब पुलिस ने लोगों को दी ये सलाह
पंजाब पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि पठानकोट में स्थिति शांतिपूर्ण और काबू में है। कोई भी अप्रिय गतिविधि नहीं देखी गई है। फौज का एक अभ्यास चल रहा है। पुलिस ने लोगों को कोई भी सूचना साझा करने से पहले उसे अच्छी तरह सत्यापित (वेरीफाई) करने की सलाह दी है। इससे पहले सुबह सूचना थी कि इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।