गर्मी में अक्सर पंजाब भर से लोग पठानकोट के माधोपुर में नहाने और मौज मस्ती के उद्देश्य से पहुंचते हैं। रविवार देर शाम पांच दोस्त भी बटाला से पिकनिक मनाने पहुंचे थे। जिनमें से एक पानी के तेज बहाव में बह गया। जबकि दो को पुलिस और गोताखोर काला राम ने जान पर खेलकर बचा लिया।
लापता की पहचान गुरदासपुर के हरदोछन्नी रोड निवासी दीपक कुमार के तौर पर हुई है। जबकि पुलिस और गोताखोर ने बटाला निवासी रमन कुमार और दीपक कुमार को तेज बहाव के बावजूद सुरक्षित बचा लिया। 24 घंटे बीत जाने के बावजूद दीपक की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक उक्त घटना गांव सिद्दोडी के समीप रावी नदी की है। रविवार शाम गर्मी के चलते रावी में नहाने तीन दोस्त पहुंचे थे। तीन लोग रावी नदी में अंदर तक चले गए। अचानक नदी का बहाव तेज हो गया। जिसमें तीनों दोस्त फंस गए। इसी दौरान किसी ने पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी।
पुलिस ने स्थानीय गोताखोर कालाराम को मौके पर बुलाया। इसी दौरान गुरदासपुर निवासी दीपक तेज बहाव में बह गया। जबकि बटाला निवासी दीपक और रमन एक छोटे से टापू पर फंस गए। कालाराम ने जान पर खेल कर रमन और दीपक को बचा लिया। जबकि गुरदासपुर निवासी दीपक का अभी तक पता नहीं चला है। थाना शाहपुरकंडी प्रभारी भारत भूषण सैनी ने कहा कि लापता की तलाश जारी है। गोताखोर अपने काम पर लगे हैं। पानी का बहाव कम करवाया गया है।