बठिंडा में बेटे-बहू ने पिता को आग लगा दी।
- फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
पंजाब के बठिंडा में गांव ढिपाली में घरेलू झगडे़ को लेकर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपने पिता को आग लगा दी। लोगों ने गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। थाना रामपुरा फूल पुलिस ने सोमवार को पीड़ित सतपाल शर्मा के बयान पर उसके बेटे नरिंदरपाल शर्मा, बहू गुरप्रीत कौर और उनके साथी फतह सिंह निवासी गांव ढिपाली के खिलाफ जानलेवा हमला करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। वारदात 3 अप्रैल की बताई जा रही है।
थाना रामपुरा फूल पुलिस को दर्ज करवाए बयान में सतपाल शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ समय से उसका अपने बेटे नरिंदरपाल और बहू गुरप्रीत कौर के साथ झगड़ा चल रहा था। इसी रंजिश में बेटे-बहू ने अपने एक साथी के साथ मिलकर तीन अप्रैल को उस पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा दी।
जब उसने शोर मचाया तो आस पास के लोगों ने आग बुझाकर उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। थाना रामपुरा फूल के एएसआई इकबाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के बयान पर आरोपी दंपति और उनके साथी फतह सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।