क्रिकेटर हरभजन सिंह ने अपने विवादित इंस्टाग्राम पोस्ट के लिए आखिरकार माफी मांग ली है। हरभजन सिंह ने ट्वीट कर माफी मांगी है। भज्जी ने अपने माफीनामे में लिखा, ‘मैंने कल जो इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर की थी, उसके लिए सफाई देता हूं और माफी मांगता हूं। यह एक व्हाट्सएप फॉरवर्ड था, जो मैंने जल्दी में मतलब जाने बिना साझा कर दिया।’उन्होंने आगे लिखा, यह मेरी गलती थी और मैं इसको स्वीकार करता हूं। इस पोस्ट में जो तस्वीर है, मैं उन लोगों को किसी भी तरह से सपोर्ट नहीं करता।
मैं सिख हूं, जो देश के लिए लड़ेगा, न कि देश के खिलाफ। देशवासियों की भावनाएं आहत करने के लिए मैं बिना किसी शर्त माफी मांगता हूं। अपने देशवासियों के खिलाफ मैं न किसी ग्रुप को सपोर्ट करता हूं और न ही कभी करूंगा। मैंने इस देश के लिए 20 साल खून और पसीना बहाया है, मैं कभी किसी ऐसी बात को सपोर्ट नहीं करूंगा, जो भारत के खिलाफ होगी।
दरअसल भज्जी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ऑपरेशन ब्लू स्टार की 37वीं वर्षगांठ पर श्री हरमंदिर साहिब के अंदर मारे गए जरनैल सिंह भिंडरावाले को श्रद्धांजलि दी और उन्हें ‘शहीद’ बताने की कोशिश की। हालांकि उन्होंने इस दौरान स्पष्ट रूप से भिंडरावाले का नाम नहीं लिया। भज्जी ने इंस्टाग्राम पर जरनैल सिंह भिंडरावाला की तस्वीर अपलोड कर श्रद्धांजलि देते हुए उनको शहीद कहा था। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने भज्जी की जमकर खिंचाई की। हालांकि अब पूरे मामले में क्रिकेटर ने माफी मांग ली है।