मलसियां-शाहकोट मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह कार ट्रक के पीछे से जा टकराई, जिसमें कार सवार दंपति की मौत हो गई। घटना सुबह करीब साढ़े पांच बजे घटी।
दोनों गांव स्लैचां में फूफा के देहांत में शोक व्यक्त कर लौट रहे थे कि दुर्घटना का शिकार हो गए। सर्बजीत सिंह पुत्र हरभजन सिंह और उसकी पत्नी मनजीत कौर निवासी मलसियां के गांव स्लैचां में रहने वाले फूफा का देहात हो गया था।
सोमवार सुबह सर्बजीत सिंह अपने माता-पिता और पत्नी को साथ लेकर स्लैचां गया था। माता-पिता को फूफ ा के घर छोड़कर सुबह साढ़े पांच बजे वह पत्नी मंजीत कौर को लेकर वापस मलसियां के लिए निकला था। मलसियां-शाहकोट मुख्य मार्ग के बीच उनकी स्विफ्ट डिजायर कार के आगे एक ट्रक जा रहा था।
कार की रफ्तार तेज होने के कारण वह सीधी ट्रक के पीछे जा टकराई और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार पती-पत्नी सरबजीत सिंह (40) और मनजीत कौर (35) की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक घटनास्थल से भगा कर ले गया। हाईवे पैट्रोलिंग के कर्मचारियों और गुजर रहे राहगीरों ने शवों को कार से बाहर निकाला।
घटना के तुरंत बाद मलसियां चौकी के इंचार्ज एसआई हरजीत सिंह व थाना शाहकोट के एएसआई दिनेश कुमार पहुंचे, जिन्होंने जांच पड़ताल करने के बाद ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।