पंजाब के लुधियाना में सुप्रीम कोर्ट में केंद्र सरकार द्वारा सौंपे गए हलफनामे के विपरित बैंक कर्मियों, पत्रकारों, कोर्ट के कर्मचारियों, शिक्षकों और कई पेशेवर समूहों को कोरोना टीकाकरण में प्राथमिकता दी जाएगी। लुधियाना जिला प्रशासन का कहना है कि समाज की भलाई को देखते हुए इन लोगों को कोरोना वैक्सीन पहले लगाई जाएगी।
उपायुक्त लुधियाना वरिंदर कुमार शर्मा ने कहा है कि बैंक कर्मी, पत्रकार, कोर्ट के कर्मचारी, शिक्षक या जिन्होंने भी कोरोना की रोकथाम के लिए कार्य किया है, अब वो लोगों टीकाकरण करवा सकते हैं। आपको बता दें केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को सूचित करते हुए कहा है कि कोरोना टीकाकरण अभियान में पेशे के आधार पर टीकाकरण के लिए किसी को भी सूचीबद्ध करना राष्ट्र हित में नहीं है।
पंजाब में कोरोना वायरस के मामलों में भी तेजी देखने को मिली है। सोमवार को पंजाब में कोरोना वायरस की वजह से 27 लोगों की जान चली गई और 1843 नए मामले सामने आए। अभी तक पंजाब में इस महामारी से 6099 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। राज्य में इस समय कोरोना के 11942 सक्रिय मामलों में 258 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 26 मरीज वेंटिलेटर पर हैं।
सोमवार को राज्य में टीकाकरण अभियान के तहत 1815 हेल्थ केयर वर्करों और 2666 फ्रंटलाइन वर्करों ने पहला डोज लगवाया। राज्य में कोरोना वैक्सीन का पहला डोज ले चुके हेल्थ केयर वर्करों की कुल संख्या 110203 और फ्रंटलाइन वर्करों की कुल संख्या 100203 हो गई है। सोमवार को 951 हेल्थ केयर वर्करों और 2379 फ्रंटलाइन वर्करों ने वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाया। दूसरा डोज लगवाने वालों की कुल संख्या 54827 और 14981 हो गई है।