फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बठिंडा: कांग्रेस विधायक के खिलाफ निवेश किए गए पैसे वापस न देने का प्रचार कर रहे कंपनी एजेंटों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, 12 घायल

Mon, 14 Feb 2022 01:41 PM IST
निवेदिता वर्मा संवाद न्यूज एजेंसी, बठिंडा (पंजाब)

सार

ऑल इंडिया जीसीए मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष केएस राणा ने आरोप लगाया कि यह हमला विधायक प्रीतम सिंह कोटभाई ने करवाया है। उन्हें पता था कि जब वो लोग उनके खिलाफ प्रचार करेंगे तो उन पर हमला होगा। लेकिन वह अपने पैसे वापस लेकर ही जाएंगे।
विज्ञापन
सिविल अस्पताल में भर्ती घायल। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पिछले चार वर्षों से भुच्चो मंडी हलका से कांग्रेस विधायक और प्रत्याशी प्रीतम सिंह कोटभाई के पास अपने निवेश किए गए पैसे वापस लेने के लिए लगातार पंजाब के चक्कर काट रहे कंपनी के एजेंटों पर रविवार को भुच्चो मंडी में ट्रक यूनियन के पास अज्ञात लोगों ने हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। जिन पर हमला हुआ है, वे सभी विधायक के खिलाफ पर्चे बांट रहे थे। हमले में ऑल इंडिया जीसीए मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष केएस राणा समेत करीब 12 साथी एजेंट जख्मी हो गए। हमलावारों ने केएस राणा के दोनों पैर तोड़ दिए हैं। उन्हें जिले के सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया है, जबकि बाकी साथियों को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार भुच्चो मंडी के सिविल अस्पताल में चल रहा है। 

विज्ञापन


वारदात रविवार दोपहर 12 बजे की बताई जाती है। ऑल इंडिया जीसीए मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष केएस राणा ने आरोप लगाया कि यह हमला विधायक प्रीतम सिंह कोटभाई ने करवाया है। उन्हें पता था कि जब वो लोग उनके खिलाफ प्रचार करेंगे तो उन पर हमला होगा। लेकिन वह अपने पैसे वापस लेकर ही जाएंगे। राणा ने कहा कि उन्हें और उनके साथियों को दौड़ा-दौड़कर पीटा गया, लोग अगर बचाव न करते तो हमलावर उन्हें जान से ही मार देते। नथाना पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं। 

यह है पूरा मामला

शनिवार को बठिंडा पहुंचे मध्य प्रदेश, राजस्थान, यूपी, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों के करीब 40 एजेंटों ने बठिंडा के भुच्चो हलके से कांग्रेस विधायक पर अपनी चिटफंड कंपनी जीसीए प्राइवेट लिमिटेड से 5 हजार करोड़ की ठगी करने के आरोप लगाए थे। पीड़ित एजेंटों का कहना था कि विधायक पर मध्य प्रदेश, राजस्थान, यूपी, महाराष्ट्र, उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों में करीब एक दर्जन एफआईआर दर्ज हैं। इन मामलों में विधायक के अलावा कंपनी के डायरेक्टरों को भी नामजद किया गया है, लेकिन आज तक पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है। 

पीड़ित एजेंटों ने कहा कि 2018 में विधायक ने अपनी कंपनी बंद कर सभी कार्यालयों पर ताला लगा दिया। वो पिछले तीन वर्षों से अपने पैसों के लिए लगातार पंजाब में विधायक के पास चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। यहां तक कि वे जिला पुलिस को भी शिकायत दे चुके हैं, लेकिन पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने कहा कि दोबारा विधानसभा चुनाव लड़ रहे विधायक ने नामांकन पत्र में खुद पर सिर्फ चार केस दिखाए हैं, जबकि उन पर करीब 12 केस दर्ज हैं। इसकी शिकायत वह चुनाव आयोग से करेंगे और ऑल इंडिया जीसीए मोर्चा के करीब 150 एजेंट चुनाव से पहले विधायक के खिलाफ उनके इलाके में शांतिमय ढंग से रोष जाहिर करेंगे और लोगों को बताएंगे कि जो उम्मीदवार आपसे वोट मांग कर रहा है, वह असल में ठग है और करोड़ों का घपलेबाज है।

पीड़ित बोले-हजारों करोड़ का निवेश होते ही बंद की कंपनियां

घायलों में शामिल झांसी से पहुंचे हीरा लाल कुशवाहा, महिंदरपाल, मोरेना से इकबाल मोहम्मद, एमपी के भिंड से पहुंचे सुखेंद्र कुमार, गवालियर से पहुंचे रामवीर सिंह, झांसी से पहुंचे ठाकुर दास और अरविंद कुमार ने बताया कि 1995 से लेकर 2018 तक विधायक ने राजस्थान, यूपी, एमसी, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, असम, महाराष्ट्र, दिल्ली आदि स्थानों पर अपनी कंपनियों के कार्यालय खोले थे। इनके नाम जीसीए मार्केटिंग, गंगा-कावेरी एग्रो, गंगा-कावेरी एग्रो फरोस्ट्रो, जीसी डेयरी इंडिया, फोना गुड च्वाइस, ग्रामीण किसान विकास सेवा, स्टार यूनाईटेड ट्रेडमार्ट आदि रखे हुए थे। पीड़ितों ने कहा उन्हें झांसा दिया गया कि पैसा लगाने से कुछ ही समय में दोगुना हो जाएगा। वह विधायक झांसे में आ गए और अपनी जमीन और घर बेचने के साथ-साथ दोस्तों और रिश्तेदारों के करोड़ों रुपये विधायक की विभिन्न कंपनियों में लगा दिए। विधायक ने कुछ साल तो लाभ दिया, लेकिन जब कंपनियों में हजारों करोड़ का निवेश हो गया तो 2018 में इसने अपने सभी दफ्तर बंद कर दिए। ठगी के मामले में विधायक और उनकी कंपनियों के डायरेक्टरों पर बठिंडा के अलावा सभी राज्यों में ठगी के मामले दर्ज हैं।

बयान दर्ज करने के बाद होगी कार्रवाई : एएसआई

थाना नथाना के तहत आती पुलिस चौकी भुच्चो मंडी के एएसआई परबत सिंह ने कहा कि पुलिस पीड़ितों के बयान दर्ज करने के बाद अगली कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के जितने भी लोग बठिंडा में आए हैं, सभी ने मिलकर एक और शिकायत पुलिस के पास दी है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें