सीएम मान ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
- फोटो : @AAPPunjab
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में आयोजित महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड समारोह के दौरान पंजाब का नाम रोशन करने वाले 1,070 खिलाड़ियों को ₹32 करोड़ 5 लाख की इनामी राशि देकर रविवार को सम्मानित किया। इस मौके पर खेल जगत के बड़े खिलाड़ियों ने शिरकत की जिमसें भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और हरलीन देओल भी शामिल हुईं।
क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर ने की सीएम मान की तारीफ
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान की तारीफ की। उन्होंने कहा सीएम मान का हमेशा खिलाड़ियों को सर्मथन रहा है और हमारे मुख्यमंत्री का प्रोत्साहन हमारे लिए बहुत सहायक रहा है। महिला क्रिकेटर ने कहा हम चाहते हैं कि भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री दोबारा बनें और पंजाब के खिलाड़ियों को इसी तरह अपना समर्थन देते रहें।
वहीं, जालंधर के ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी मनदीप सिंह को भी पंजाब सरकार द्वारा प्रतिष्ठित महाराजा रणजीत सिंह खेल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। अवॉर्ड मिलने पर हॉकी खिलाड़ी मनदीप सिंह ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लंबे समय बाद खिलाड़ियों को यह सम्मान मिलना बेहद गर्व की बात है। उन्होंने कहा पिछली बार यह अवॉर्ड 2016 में दिया गया था और अब दोबारा खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा रहा है। टोक्यो ओलंपिक में खेलने वाले पंजाब के करीब 90 खिलाड़ियों को यह सम्मान मिला है जो पंजाब और भारतीय खेल जगत के लिए गर्व का पल है।
वर्ल्ड कप और एशियन गेम्स के लिए टीम की जोरदार तैयारी
भारतीय हॉकी टीम की तैयारियों को लेकर मनदीप सिंह ने बताया कि बेंगलुरु कैंप में खिलाड़ी लगातार कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इस साल टीम के सामने वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स और एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट हैं। उन्होंने कहा कि हर टूर्नामेंट के लिए अलग रणनीति तैयार की जा रही है और टीम का पूरा फोकस गोल्ड मेडल जीतने पर है।
इस बार ट्रॉफी उठाकर लौटेगी टीम इंडिया
मनदीप सिंह ने विश्वास जताते हुए कहा कि भारतीय टीम लंबे समय से वर्ल्ड कप ट्रॉफी नहीं जीत पाई है, लेकिन इस बार खिलाड़ी पूरी मेहनत और जुनून के साथ तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य सिर्फ जीतना है। इस बार टीम इंडिया ट्रॉफी जीतकर ही लौटेगी।