सबसे दुखद पहलू यह है कि लोगों की शक्ति से पद हासिल करने वाले शहीदों की शहादतों पर सवाल उठाते हैं। जनरल डायर को सिरोपे देकर सम्मान देने वालों को उचित ठहराना क्या जलियांवाला बाग में शहीद होने वालों की तौहीन नहीं है। शहीद सेवा सिंह ठीकरीवाला की फांसी पर कैप्टन अमरिंदर सिंह के पूर्वजों के हस्ताक्षर हैं।
मुख्यमंत्री ने इशारों-इशारों में पिछली सरकारों पर निशाना साधा। कहा कि नियम व कायदों को अपने हितों के अनुरूप ढालकर पंजाब की अर्थव्यवस्था व हितों को चूना लगाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे कई मामलों की फाइलों की गहन जांच चल रही है। मुख्यमंत्री ने सूबे में सीवरेज सुविधा देने का आगाज किया और सुनाम के लौंगोवाल के लिए सवा पांच करोड़ देने की घोषणा की। सुनाम में एक करोड़ 66 लाख से बनने वाले नए स्टेडियम का नींव पत्थर भी रखा। चीमां मंडी में पांच करोड़ से सब तहसील कार्यालय व बस स्टैंड बनाने की घोषणा की। समागम को वित्त मंत्री हरपाल सिंह, शहरी विकास मंत्री अमन अरोड़ा, खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर भी ने संबोधित किया और शहीद ऊधम सिंह को श्रद्धा सुमन भेंट किया।
पांच अगस्त को सीएम करेंगे मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एलान किया कि संगरूर में पांच अगस्त को नए मेडिकल कॉलेज का नींव पत्थर रखा जाएगा। आम आदमी पार्टी की सरकार का यह पहला मेडिकल कॉलेज होगा, जोकि संत अतर सिंह कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज के नाम से जाना जाएगा, जिसका प्रोजेक्ट तैयार हो गया। उन्होंने कहा कि संत अतर सिंह महान विद्वान थे और बनारस विश्वविद्यालय का नींव पत्थर इनके कर कमलों द्वारा रखा गया था। इस मेडिकल कॉलेज के लिए श्री अंगीठा साहिब ट्रस्ट मस्तुआना ने 25 एकड़ जमीन दान की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहला बैच एक अप्रैल 2023 से शुरू होगा और यहां एमबीबीएस की 75 सीटें होंगी। सीएम ने कहा कि मेडिकल कॉलेज पूरी तरह से डिजिटल होगा और तमाम आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। पूरे मालवा इलाके को इससे लाभ होगा।