आम आदमी पार्टी ने पंजाब में कदम रखते ही डिप्टी सीएम सुखबीर बादल पर निशाना साधा है। आप ने सुखबीर से पूछा है कि वह अपनी जेबों में अकाली दल के लीडरों के लिए क्लीन चिट लेकर घूमते हैं।
बिना जांच किए कभी सांसद अजनाला, उनके विधायक बेटे तो कभी अपने साले मजीठिया को क्लीन चिट दे रहे हैं। आप ने कटाक्ष किया कि सुखबीर बादल बता दें कि उनकी जेब में कितनी क्लीन चिट भरी हुई हैं।
आप की तरफ से वीरवार को प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान स्टेट के आईटी कोआर्डिनेटर हिमांशु, स्टेट वालंटियर कोआर्डिनेटर तरुणदीप सिंह, जिला कनवीनर जोगिंदर सिंह, स्टेट बॉडी की सदस्य कुलदीप कौर, जिला बॉडी के कमलदीप मौजूद थे।
आप के नेताओं ने कहा कि शुक्रवार को जालंधर में दिल्ली से संजय सिंह आ रहे हैं, जो 11 से 26 जनवरी तक प्रदेश के गांव-गांव गली-गली में पार्टी के जमीनी स्तर के अभियान की शुरुआत करेंगे।
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने मजीठिया के नाम पर खामोशी क्यों धारण कर रखी है। क्या वह पंजाब में ड्रग माफिया का साथ दे रहे हैं। पार्टी नेता हिमांशु ने मांग की कि मजीठिया की ड्रग तस्करी के कारोबार की निष्पक्ष जांच की जाए।