20 साल की उम्र में हो गई थी हरपाल कौर की शादी
गांव में रहने वाली और लड़कियों की तरह ही हरपाल कौर की शादी 20 की उम्र में करा दी गई। हरपाल कौर अपनी तीन बहनों में सबसे बड़ी है। हरपाल की दूसरे नंबर की बहन की शादी हो चुकी है, तीसरे नंबर की बहन पंजाब पुलिस में कार्यरत हैं और सबसे छोटी अभी हरपाल के साथ वेल्डिंग का काम करती हैं। शादी के बाद हरपाल ससुराल गई तब कुछ दिनों तक वहां का माहौल ठीक रहा लेकिन कुछ वर्षों के बाद मामला गड़बड़ाने लगा। ससुराल वालों से मतभेद होने के बाद हरपाल ने वह कदम उठाया जिसे उठाने के बारे में कई महिलाएं सोचती तो हैं पर कर नही पाती। हरपाल ने ससुराल को अलविदा कहकर अपने 9 साल बेटे के साथ मायके आ गई। जब हरपाल अपने पिता के पास रहने आई तब घर में तीन कुंवारी बेटियां पहले से थी। हरपाल के पिता ने उसे अपने तरीके से जीवन जीने की आजादी दी।
वेल्डिंग करती हरपाल कौर।
- फोटो : संवाद
300 रुपये दिहाड़ी में शुरू किया वेल्डिंग का काम
हरपाल ने पति से तलाक लेने के लिए कोर्ट में केस फाइल कर दिया था। अपना व बेटे का खर्च निकालने के लिए काम की तलाश भी शुरू कर दी। पिता से रोज-रोज पैसे मांगना उसे अच्छा नहीं लग रहा था। ऐसे में हरपाल ने जो फैसला लिया वही उसे अन्य महिलाओं से बहुत दूर लाकर खड़ा करता है। हरपाल ने पिता की वेल्डिंग शॉप में काम करने का निर्णय लिया। उसने पिता से कहा कि जो मजदूरी दूसरे को देते हो, वो मुझे दे देना। उसे पिता के दुकान पर काम करने से सिक्योरिटी भी महसूस होने लगी। उसने 300 रुपये रोजाना में वेल्डिंग करना शुरू किया। इस तरह वह पंजाब की पहली वेल्डर गर्ल बन गई। उसके हाथ में सफाई इतनी की लड़के भी मार खा जाए।
काम पर जुटी हरपाल कौर।
- फोटो : संवाद
सुबह से शाम तक काम में जुटी रहती है हरपाल
लेकिन यह काम जितना सुनने में आसान लगता है उतना कठिन भी है। हरपाल को देखकर कई लड़कियां वेल्डिंग सीखने के लिए आई लेकिन कठनाइयों का सामना हुआ नहीं कि भाग खड़ी हुईं। वेल्डिंग कार्य में महारत हासिल करने के लिए हरपाल सुबह सबसे पहले काम में लगतीं और दुकान के शटर गिरने तक लगी रहतीं। वेल्डिंग की तेज रोशनी से आंखों से रोज पानी बहता, लोहे उठाने से हथेलियां काली पड़ जाती और असहनीय पीड़ा होती। जूते के अंदर जुराबें गर्म होकर पैरों से ऐसे चिपकती कि निकालना मुश्किल हो जाता। वह एक दिन में दो लोगों जितना काम करके देती, वो भी बेहद सफाई से।
ब्राउन कुड़ी–द वेल्डर गर्ल नाम से यूट्यूब चैनल
धीरे-धीरे हरपाल कौर सोशल मीडिया के जरिये अपने काम को लोगों तक पहुंचने लगी। टिक-टॉक में अपने काम का वीडियो बनाना शुरू किया। टिक टॉक बैन होने के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम रील्स का सहारा लिया। इन वीडियो के माध्यम से उन्हें खूब लोकप्रियता मिली। कनाडा और इंग्लैंड से हरपाल को विवाह के लिए रिश्ते आने लगे लेकिन वह अपनी मिट्टी छोड़कर कहीं नही जाना चाहती। हरपाल का एक यूट्यूब चैनल भी है जहां वह व्लॉग्स और अन्य वीडियो पोस्ट करती हैं। ‘ब्राउन कुड़ी–द वेल्डर गर्ल’ नाम के उनके यूट्यूब चैनल पर एक लाख से भी ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। उनके वीडियो देखकर दूसरे राज्य के लोग भी कृषि उपकरण बनवाने हरपाल के पास आने लगे हैं।
बेटी की मेहनत, पिता का भी बढ़ा कारोबार