चुनाव आयोग ने तरनतारन विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही तरनतारन जिले में चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। 11 नवंबर को मतदान होगा और 14 नवंबर को परिणाम घोषित किया जाएगा। पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा उपचुनाव के लिए जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार 13 अक्तूबर को अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन भरने की अंतिम तिथि 21 अक्तूबर होगी और नामांकन पत्रों की जांच 22 अक्तूबर को होगी जबकि 24 अक्तूबर तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। नामांकन पत्र 13 से 21 अक्तूबर तक भरे जाएंगे। 19 और 20 अक्तूबर को अवकाश रहेगा। यह सीट विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी।
सभी बूथों की होगी वेब कास्टिंग
उपचुनाव में 1,95,098 वोटर मत का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,01,494 पुरुष व 92,240 महिला शामिल हैं। आठ थर्ड जैंडर भी मत का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान के लिए कुल 222 बूथ स्थापित किए गए हैं। राष्ट्रीय चुनाव आयोग के मुताबिक सभी बूथों पर मतदान की वैब कास्टिंग होगी।राज्यसभा सीट के उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी
चुनाव आयोग ने पंजाब से राज्यसभा के उपचुनाव के कार्यक्रम की अधिसूचना जारी कर दी है। नामांकन प्रक्रिया 6 अक्तूबर से शुरू होगी और 13 अक्तूबर (सोमवार) नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि होगी। सार्वजनिक छुट्टी के दौरान कोई नामांकन स्वीकार नहीं किया जाएगा। 14 अक्तूबर को नामांकन की जांच और 16 अक्तूबर तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। जरूरत पड़ी तो 24 अक्तूबर को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। पंजाब सरकार की सलाह पर निर्वाचन आयोग ने पंजाब विधानसभा सचिवालय के सचिव राम लोक खटाना को उपचुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर और पंजाब विधानसभा सचिवालय के उप सचिव जसविंदर सिंह को चुनाव प्रक्रिया के संचालन में सहायता के लिए सहायक रिटर्निंग ऑफिसर बनाया है।