पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान के तहत जालंधर के पंजाब रोडवेज डिपो-1 में तैनात सुपरिटेंडेंट बलवंत सिंह को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई एक सेवानिवृत्त ड्राइवर की शिकायत पर की गई, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सुपरिटेंडेंट ने सेवानिवृत्ति से पहले बकाया ओवरटाइम बिल तैयार करने के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
विज्ञापन
शिकायतकर्ता की अपील पर सुपरिटेंडेंट 40 हजार रुपये लेने को राजी हुआ। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि सुपरिटेंडेंट ने लेबर कोर्ट में चल रहे उसके मामले के दौरान पहले ही किस्तों में 1.54 लाख रुपये हड़प लिए थे। शिकायत की पुष्टि के बाद, जालंधर रेंज की विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में सुपरिटेंडेंट को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
विजिलेंस ब्यूरो ने बलवंत सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत जालंधर रेंज में मामला दर्ज किया है। आरोपी को मंगलवार कोअदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।