केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को मानसा में परविंदर झोटा के परिवार से मुलाकात की। करीब 25 मिनट तक उन्होंने झोटा के पिता भीम सिंह और अन्य परिजनों से बात की।
विज्ञापन
परिवार को न्याय का भरोसा देते हुए उन्होंने मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर आश्वस्त किया। परिवार की मांगों में झोटा के नाम पर स्मृति स्थल और ट्रॉमा सेंटर बनाना भी शामिल है। शाह ने परिवार को भरोसा दिया कि सीबीआई टीम कल सुबह ही मानसा पहुंचेगी। 120 दिन में सीबीआई जांच पूरी कर रिपोर्ट देगी। सीएम के इस्तीफे की मांग पर शाह ने कहा कि ये मेरे हाथ में नहीं है। ये जनता का फैसला है।
इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने झोटा हत्याकांड की जांच सीबीआई को सौंपने का एलान किया। यह फैसला परिवार की प्रमुख मांग के बाद आया।
झोटा के पिता भीम सिंह ने शाह से कहा कि पंजाब नशों में ग्रस्त है, पंजाब को बचा लीजिए। इस पर गृह मंत्री ने कहा कि वह इसी मिशन को लेकर पंजाब आए हैं। पंजाब को नशा मुक्त कर दिया जाएगा। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ ने कहा कि आज से समझ लो कि पंजाब में नशे की समाप्ति शुरू हो गई है।