पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा की दिड़बा के गांव तूरबंजारा में एक जनसभा के दाैरान गुलजार सिंह ने नशे पर सवाल उठाया था। आरोप है कि इसके बाद उसे इतना आहत किया गया कि उसने जहर खाकर जान दे दी।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मंगलवार को संगरूर के गांव तूर बंजारा पहुंचे। यहां उन्होंने आत्महत्या करने वाले गुलजार सिंह के परिवार से मुलाकात की। इस दाैरान शाह ने परिवार को आश्वासन दिया कि उन्हें दो-तीन महीनों में इंसाफ मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि वह इंसाफ मिलने के बाद ही गुलजार के भोग पर शामिल होंगे।
परिजनों ने बताया कि गृह मंत्री ने लगभग 20 मिनट तक एक-एक बात पर चर्चा की और आश्वासन दिया। उनकी मांग यही थी कि हमें पंजाब सरकार पर भरोसा नहीं है, हमारे मामले में सीबीआई की जांच हो। परिजनों ने कहा कि जब तक इंसाफ नहीं मिलता, तब तक अस्थियां प्रवाहित नहीं की जाएंगी। इस दौरान उन्होंने मोहनजीत सिंह शेरों से मुलाकात की और उनके साथ हुए अत्याचार की पूरी जानकारी ली। कनोई के सनमदीप सिंह सुसाइड मामले में भी जानकारी दी गई ।