देश की बेटियों ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में इतिहास रच दिया है। पहली बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्न कप का खिताब अपने नाम किया है। मोगा में भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर का गांव दुनेका भी जश्न में डूब गया।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भारतीय महिला टीम के वर्ल्ड कप 2025 जीतने टीम को बधाई दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि भारत की बेटियों को बहुत-बहुत बधाई। खेलों में पंजाबी हमेशा आगे रहे हैं। हम राज्य में बच्चों को खेलों से जोड़ने और उन्हें नशे से दूर रखने के लिए आधुनिक खेल मैदान बना रहे हैं। भारतीय महिला टीम में पंजाब की तीन बेटियां हैं, जिनमें हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल और अमनजोत कौर है। तीनों ने भारत को विश्वकप जिताने में बड़ा योगदान दिया है। वहीं पुरुष टीम में भी हमारे तीन खिलाड़ी हैं शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह। हॉकी टीम में ग्यारह में से नौ खिलाड़ी पंजाब के हैं और कप्तान भी हमारा ही है। फुटबॉल टीम का कप्तान भी पंजाबी है। हम किसी से कम नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा हम पर बेवजह आरोप लगाए जाते रहे हैं, लेकिन अब हम पंजाब को उसकी असली पंजाबियत वापस दिलाएंगे। कुश्ती, कबड्डी, गिद्धा, भंगड़ा और फौज में भर्ती ये सब हमारे पंजाब की पहचान थे और हम इस गौरव को फिर से लौटाएंगे।
मुख्मंत्री भगवंत मान आज तरनतारन में उप चुनाव के लिए प्रचार करने पहुंचे हैं। वहां रोड शो के दौरान उन्होंने एक और बड़ा एलान किया कि पंजाब में महिलाओं को अगले बजट से 1000 रुपये महीना मिलना शुरू हो जाएंगे। सीएम भगवंत मान आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू के प्रमोशन के लिए तरनतारन पहुंचे थे।