पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच दोबारा गठबंधन की पटकथा कब लिखनी शुरू हुई, इसे समझने के लिए 2026 के घटनाक्रम पर नजर डालना जरूरी है। इस पूरे घटनाक्रम में डेरा ब्यास के मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों की राजनीतिक हस्तियों के साथ लगातार बढ़ती मुलाकातें भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि दोनों दलों के बीच नजदीकियां बढ़ने की कहानी उस समय से शुरू हुई थी, जब पंजाब के तत्कालीन राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया की अगुवाई में फिरोजपुर में नशे के खिलाफ पदयात्रा और रैली का आयोजन किया गया था।
10 फरवरी को फिरजोपुर में हुई थी नशा विरोधी रैली
10 फरवरी 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्वनी शर्मा और डेरा ब्यास के मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों भी पहुंचे थे। खास बात यह थी कि लंबे समय बाद अकाली दल और भाजपा के बड़े नेता एक ही सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आए। कार्यक्रम के बाद राज्यपाल, सुखबीर सिंह बादल, अश्वनी शर्मा और बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों के बीच बंद कमरे में बैठक भी हुई।
सीएम सैनी की बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मुलाकात
आधिकारिक तौर पर इस बैठक को नशे के खिलाफ अभियान और पंजाब के सामाजिक हालात के संदर्भ में बताया गया, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसके अलग-अलग मायने निकाले गए। सवाल उठने लगा कि क्या इसी बैठक से अकाली दल और भाजपा के बीच दोबारा बातचीत का रास्ता खुला था? इसके बाद घटनाक्रम जिस तरह आगे बढ़ा, उसने इन चर्चाओं को और हवा दी। 27 मार्च 2026 को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मुलाकात की।
मई माह में डेरा ब्यास पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
इसके बाद 30 मई को पंजाब भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष केवळ सिंह ढिल्लों डेरा ब्यास पहुंचे और बाबा जी से आशीर्वाद लिया। अगले दिन 31 मई को नायब सिंह सैनी ने भी डेरा ब्यास पहुंचकर मुलाकात की। इन मुलाकातों को धार्मिक और सामाजिक शिष्टाचार बताया गया, लेकिन पंजाब की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों में इनके सियासी मायने भी निकाले गए। दूसरी तरफ अकाली दल ने भी अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाने शुरू कर दिए। पार्टी से अलग हुए पुराने नेताओं की वापसी का सिलसिला तेज हुआ।
7 नवंबर 2026 को पूर्व सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा अपने बेटे हरिंदरपाल सिंह चंदूमाजरा के साथ सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व वाले अकाली दल में वापस आ गए। उनकी वापसी को पार्टी के पुराने राजनीतिक आधार को फिर से एकजुट करने की कोशिश के रूप में देखा गया। इसके बाद 15 नवंबर को पूर्व एसजीपीसी अध्यक्ष बीबी जागीर कौर ने भी सुखबीर बादल के नेतृत्व वाले अकाली दल में वापसी कर ली। बीबी जागीर कौर कभी सुखबीर बादल की मुखर विरोधी रही थीं और अलग राजनीतिक धड़े के साथ जुड़ी हुई थीं। उनकी वापसी के बाद उन्हें भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी भी दी गई।
इस तरह प्रेम सिंह चंदूमाजरा और बीबी जागीर कौर जैसे पुराने नेताओं की वापसी से अकाली दल ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपने संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। इसी दौरान बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों की राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों के साथ मुलाकातों का सिलसिला भी जारी रहा।