प्रेस कॉन्फ्रेंस करते परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब सरकार अपनी बसों के बेड़े को 56 प्रतिशत बढ़ाएगी। सरकारी बसों की संख्या 2267 से बढ़ाकर 3546 कर दी जाएगी। यह दो दशकों में सबसे बड़ा विस्तार होगा। नई बसें डैशकैम, सीसीटीवी कैमरों, जीपीएस ट्रैकिंग व यूपीआई आधारित होगी। ये बसें इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग सुविधा से लैस होंगी।
बेड़े में शामिल होंगी 1,279 नई बसें
पंजाब के वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि पंजाब सरकार 1,279 नई सरकारी बसों को शामिल कर अपने सार्वजनिक परिवहन बेड़े का व्यापक विस्तार करेगी, जिससे सार्वजनिक परिवहन अवसंरचना के क्षेत्र में राज्य देश का नंबर-1 राज्य बनने की दिशा में अग्रसर होगा।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
बेड़े के विस्तार के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा तथा अंतिम छोर (लास्ट माइल) तक बेहतर संपर्क सुनिश्चित करने के लिए डैशकैम, आंतरिक सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस ट्रैकिंग प्रणाली तथा यूपीआई क्यूआर कोड आधारित इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों को भी लागू करेगी।